बलिया । उपविजेता घोषितबलिया के वीर लोरिक स्टेडियम में आयोजित 75वीं अन्तरजनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन 24 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जनपद जौनपुर और जनपद बलिया के बीच खेला गया, जिसमें जौनपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बलिया की टीम उपविजेता रही। समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ाते हैं, बल्कि टीम वर्क, अनुशासन और त्वरित निर्णय क्षमता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है और इस प्रकार के खेल आयोजन मानसिक तनाव को कम करने में सहायक होते हैं।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में आपसी सौहार्द, फिटनेस और खेल भावना को प्रोत्साहित करना रहा। सभी प्रतिभागियों ने खेल के दौरान उच्च स्तरीय पेशेवर रवैया और अनुशासन का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल, क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन अक्षय कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। आयोजक मंडल ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।








