बलिया । गड़वार क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और भीषण लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है और लोग अत्यधिक गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में ही रहना बेहतर समझ रहे हैं। जो लोग आवश्यक कार्यों से बाहर निकल रहे हैं, वे भी लू से बचाव के लिए विभिन्न उपाय अपना रहे हैं।

गर्मी से राहत पाने के लिए पारंपरिक पेय पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ गई है। जगह-जगह ठेलों और दुकानों पर सत्तू घोल और ठंडी लस्सी की बिक्री में इजाफा देखा जा रहा है। ये देसी पेय न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं, बल्कि लू से बचाव में भी सहायक माने जाते हैं।

चिकित्सकों के अनुसार, इस मौसम में अधिक से अधिक पानी पीना, हल्का व पौष्टिक भोजन करना और दोपहर की तेज धूप से बचना जरूरी है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल गर्मी के मौसम में सत्तू और लस्सी राहत का प्रमुख साधन बनते हैं। इनकी बढ़ती मांग से छोटे दुकानदारों को भी अच्छा लाभ मिल रहा है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








