Search
Close this search box.

वाराणसी: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

वाराणसी: आराजी लाइन विकास खंड क्षेत्र के गंगापुर स्थित महाराज बलवंत सिंह पीजी कॉलेज में ‘मेरा युवा भारत’ (वाराणसी) द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, विशिष्ट अतिथि सहायक निदेशक केंद्रीय संचार ब्यूरो डॉ. लालजी तथा प्राचार्य पुरुषोत्तम सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इसके उपरांत चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवाओं को टी-शर्ट, कैप और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

युवा मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं तुलसी का पौधा भेंटकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं को मोमेंटो भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिसर में अतिथियों ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा “पेड़ हम सभी को ऑक्सीजन देकर मां की तरह जीवन प्रदान करते हैं। इसलिए पौधों का रोपण व उनका संरक्षण करना हमारा परम कर्तव्य है।” कार्यक्रम का संचालन नंदकिशोर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राजेश कुमार विश्वकर्मा ने दिया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि काशी विद्यापीठ प्रवेश पटेल, चेयरमैन प्रतिनिधि सत्यम सेठ, डॉ. अर्चना कुबेर चंद्र गुप्ता, जयप्रकाश गुप्ता, जगदीश जायसवाल, सुधीर उर्फ़ राजू वर्मा, अजय विश्वकर्मा सहित कॉलेज के अध्यापक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें