सोनभद्र: दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मधुवन में मंगलवार की सुबह नहाते वक्त एक वृद्ध की चेक डैम में डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान जयलाल गौड़ (54 वर्ष), पुत्र स्व. रामसेवक गौड़, निवासी मधुवन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, जयलाल गौड़ सुबह लगभग 6 बजे नहाने के लिए चेक डैम गए थे। नहाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और अधिक पानी होने के कारण वह कीचड़ में फंस गए, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई।
ग्राम मधुवन के बीडीसी नंदू प्रसाद गौतम ने बताया कि जब मृतक काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने चेक डैम की ओर रुख किया। वहां उनकी तौलिया और गंजी रखी मिली। ग्रामीणों व परिजनों ने पानी में खोजबीन की तो शव चेक डैम से बरामद हुआ।

घटना की जानकारी ग्राम प्रधान बर्फीलाल ने दुद्धी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया।
इस संबंध में एसआई श्यामानंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मृत्यु का है। मृतक की पत्नी दिलबसिया देवी की ओर से प्रार्थना पत्र भी दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।









