Search
Close this search box.

गाजीपुर: डीएम के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक टीम सक्रिय

गाजीपुर: जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा ले रहे हैं।

उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक ने शेरपुर, तुलसीपुर, लखनचदपुर और महबलपुर गांव का निरीक्षण किया। वहीं उपजिलाधिकारी जमानिया ज्योति चौरसिया ने मलसा गांव का दौरा किया। उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव ने अठहठा गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इसी तरह उपजिलाधिकारी मोहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी भी प्रभावित इलाकों में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।

अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान में जनपद के 7 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इन गांवों के संपर्क मार्ग पर पानी भर जाने के कारण नौका संचालन शुरू कर दिया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार कर लागू की जा चुकी है।

जनपद मुख्यालय पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 05482-224041 और 9454417103 जारी किया है। प्रभावित गांवों में बाढ़ चौकियों और शरणालयों को सक्रिय कर दिया गया है, जहां स्वच्छ पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, भोजन, गद्दे, जनरेटर आदि की समुचित व्यवस्था की गई है।

साथ ही मानव और पशु चिकित्सा के लिए डॉक्टरों की टीम आवश्यक दवाओं के साथ तैनात है। पशुओं के लिए चारा और भूसे की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।

राजस्व, पुलिस, पंचायत, खाद्य-रसद सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी राहत कार्यों में पूरी तरह जुटे हैं। प्रशासन का कहना है कि वह बाढ़ पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए संकल्पित है।

Leave a Comment

और पढ़ें