गाजीपुर। शहर के बीचोबीच सदर थानाक्षेत्र के रौजा ओवरब्रिज पर दिनदहाड़े मोबाइल छीनने की वारदात से सनसनी फैल गई। भाग रहे चार में से दो बदमाशों को मौके पर ही लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि दो अन्य बदमाश भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, बड़ीबाग चुंगी, लंका निवासी सोनू पुत्र शौकत सोमवार की सुबह रजदेपुर से दवा लेकर घर लौट रहा था। तभी चार बदमाश बाइक से पीछे से आए और उसका मोबाइल छीनकर भागने लगे।
युवक ने शोर मचाया तो आसपास के लोग सक्रिय हो गए और भीड़ ने दौड़ाकर दो बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान संजय बिंद पुत्र प्रकाश बिंद और सिकंदर पुत्र जनार्दन बिंद, निवासी मिश्रवलिया के रूप में हुई। वहीं, उनके दो साथी अनिकेत पुत्र छोटेलाल बिंद और प्रिंस बिंद पुत्र पवन मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने पकड़े गए दोनों बदमाशों की तलाशी में छीना गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की और पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ब्यूरोचीफ– संजय यादव









