Search
Close this search box.

गाजीपुर: खानपुर में सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में डूबी बाइक, शराब के नशे में युवक की दर्दनाक मौत

गाजीपुर: जनपद के खानपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मौधा के चांदपुर गांव में सड़क किनारे बरसाती पानी से भरे गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह लोगों ने सड़क किनारे एक बाइक और युवक का शव पानी में डूबा देखा तो आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची खानपुर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त की।

मृतक की पहचान अखिलेश कुमार (35 वर्ष) पुत्र रामजग राम, निवासी हरदासपुर, थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतक शराब का आदी था और घटना के समय भी शराब के नशे में बाइक चला रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे बने मिट्टी के ढूह से टकराने के बाद उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। गिरने के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे वह बेहोश हो गया और औंधे मुंह गिरने के कारण पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों ने बताया कि अखिलेश लंबे समय से शराब का सेवन करता था और कई बार समझाने के बावजूद अपनी आदत नहीं छोड़ पाया था।

इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे पड़े ऐसे खतरनाक गड्ढों को जल्द भरा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

ब्यूरोचीफ –संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें