Search
Close this search box.

गाजीपुर में फिर हुई पुलिस-मुठभेड़: शातिर गौ-तस्कर पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

गाजीपुर: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 3 दिसंबर 2025 की रात एक बार फिर पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। स्वाट टीम और थाना सुहवल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर गौ-तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

कैसे हुई मुठभेड़

जानकारी के अनुसार, स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ गौ-तस्कर पिकअप वाहन में गोवंश लादकर मोटरसाइकिल सवार साथियों के साथ रजागंज से गहमर की ओर जाने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध बाइकों को रोकने का प्रयास किया गया, तभी बदमाशों ने .315 बोर के तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी और बारा की ओर भागने लगे। पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना देते हुए पीछा किया।

गोली लगते ही गिरा बदमाश, गिरफ्तार

कालूपुर मोड़ के पास बदमाशों ने खुद को घिरता देख दोबारा पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएँ पैर में गोली लगी, जिससे वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया और उपचार के लिए सीएचसी रेवतीपुर भेजा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सैफ पुत्र अख्तर, निवासी नोनहरा, गाजीपुर के रूप में हुई है। उसके पास से पुलिस ने 01 अवैध तमंचा (.315 बोर), 01 खोखा कारतूस, 01 मोटरसाइकिल बरामद की है।

साथी फरार, मुकदमा दर्ज

मौके का फायदा उठाकर एक अन्य बाइक सवार बदमाश और पिकअप वाहन चालक अंधेरे में भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

मामले में मुठभेड़, अवैध हथियार और गो-तस्करी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस सफल गिरफ्तारी में स्वाट प्रभारी रोहित मिश्रा, धर्मेंद्र पांडेय सहित स्वाट और सुहवल थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

ब्यूरोचीफ – संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें