सोनभद्र । जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाबर गांव के पास करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सवारियों से भरे टेंपो को सामने से टक्कर मार दी। टेंपो संख्या UP63T9112 दुद्धी रेलवे स्टेशन से सवारियां लेकर जा रहा था, जिसमें चालक समेत पांच लोग सवार थे।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई। उसी दौरान रात्रि गश्त पर निकले कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय सिंह ने घायलों को देखा और तत्काल एंबुलेंस व निजी वाहन की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद टेंपो चालक विवेक कुमार (30 वर्ष), पुत्र जमुना राम, निवासी ग्राम दिघुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों में राजेश कुमार शर्मा (35), सफीक आलम (55), जैनुल (50) और रविंद्र (35) शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।







