वाराणसी । के कंधवा गेट स्थित पारस वाटिका बीएलडब्ल्यू में ओम योग फिटनेस सेंटर के तत्वावधान में भव्य आयुर्वेद एवं योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं योग प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम में डॉ. आशीष गुप्ता एवं डॉ. दुष्यंत कुमार ने मोटापा, डिप्रेशन, अनिद्रा, सर्वाइकल, घुटने के दर्द सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोगों का उपचार किया।
मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक एसपी सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने पतंजलि हरिद्वार से प्रशिक्षित शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। ओम योग फिटनेस सेंटर के मुख्य योगाचार्य अजय जी ने योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की प्राचीन धरोहर और स्वस्थ जीवन का विज्ञान है। योग एवं आयुर्वेद के माध्यम से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।
योग एवं संगीत शिक्षक अखिलेश जी ने प्राणायाम के महत्व की जानकारी दी तथा भजन-गीतों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मुख्य संरक्षक नरेंद्र जी द्वारा आई वॉश कराया गया, जिससे आंखों में जलन, सूजन और कमजोर दृष्टि से परेशान लोगों को विशेष लाभ मिला। शिविर में सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, मंडूकासन, भुजंगासन, धनुरासन, कपालभाति और अनुलोम-विलोम सहित कई योगासन कराए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।





