Search
Close this search box.

रोशनदान तोड़ घर में घुसे चोर, लाखों के गहने-नकदी पार; 24 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ

जौनपुर । जनपद के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सिधाई गांव में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात ने ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी ही शातिराना तरीके से एक मकान को निशाना बनाया। चोर घर के रोशनदान को तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सीधे उस कमरे तक पहुंच गए।

जहां आलमारी में नगदी और जेवरात रखे थे। बदमाशों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी खुली देख उनके होश उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, लेकिन घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। न तो कोई आरोपी गिरफ्तार हुआ है और न ही चोरी गए सामान का कोई सुराग मिल पाया है।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आमजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें