मीरजापुर । पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत 24 मई 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान अपहरण, दुष्कर्म, मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार रखने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई।

थाना लालगंज पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में अभियुक्त सुखेन्द्र सिंह उर्फ भोला को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ महिला की तहरीर पर बीएनएस की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़कर न्यायालय भेज दिया।

वहीं थाना जिगना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 15 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ अभियुक्त जय प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने भिलगौर नहर तिराहे के पास छापेमारी कर आरोपी को दबोचा। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
थाना कोतवाली देहात पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी उमेश सोनकर को गिरफ्तार किया। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया।
इसके अलावा थाना मड़िहान पुलिस ने अवैध चाकू के साथ मोनू कोल नामक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ, जिसके आधार पर आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
मड़िहान पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 34 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं 170/126/135 के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





