बलिया । में भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस जवान पंचानन यादव के साथ शराब के नशे में धुत चार युवकों द्वारा अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी ने बीच सड़क खड़ी कार हटाने को कहा तो कार सवार युवक भड़क उठे। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ लिया और जबरन उन्हें कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मी ने सड़क पर मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने कार से पुलिसकर्मी और भीड़ को कुचलने का भी प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कार में तोड़फोड़ कर दी। भीड़ ने एक युवक को बाहर निकालकर उसकी पिटाई भी कर दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी पंचानन यादव का कहना है कि यदि समय पर लोगों ने मदद नहीं की होती तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।




