वाराणसी । में गंगा दशहरा और गंगा अवतरण दिवस के पावन अवसर पर मंगलवार को नमामि गंगे वाराणसी महानगर इकाई ने राजघाट स्थित संत शिरोमणि रविदास मंदिर गेट पर शर्बत एवं शीतल पेयजल का प्याऊ लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की। जेठ माह की भीषण गर्मी और उमस के बीच गंगा स्नान के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को गुलाब, खस, पन्ना और शिकंजी का शर्बत पिलाकर राहत पहुंचाई गई।

सुबह से ही संस्था के कार्यकर्ता सेवा कार्य में जुटे रहे और गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ठंडा पानी व शर्बत वितरित करते रहे। इस दौरान “सबका साथ हो, गंगा साफ हो” तथा “हर-हर महादेव” के उद्घोष से पूरा गंगा तट भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं से गंगा तट की स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की। कार्यक्रम के समापन के बाद नमामि गंगे के सदस्यों ने घाट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई का संदेश दिया।
इस सेवा कार्य का संयोजन जय विश्वकर्मा, रामप्रकाश जायसवाल, किरण पांडेय, सपना वर्मा, शिवांगी पांडेय, रितेश कुशवाहा, महिमा श्रीवास्तव, रूद्र अग्रहरि, कृष्णा यादव, अनुराग सोनकर और निधि जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने किया।






