Search
Close this search box.

अपराध नियंत्रण के लिए जनसहयोग जरूरी, सीओ दुद्धी ने ग्राम प्रधानों संग की बैठक

सोनभद्र। दुद्धी/विंढमगंज थाना परिसर में रविवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) दुद्धी राजेश कुमार राय की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।

बैठक को संबोधित करते हुए सीओ राजेश कुमार राय ने कहा कि अपराधों की रोकथाम में आम जनता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित लोगों से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, संगठित अपराधों तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

सीओ ने लोगों से अपील की कि गांवों और सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में दीपक कुमार, अनीस अहमद, फूल मोहम्मद, मोहम्मद अरमान, शाहरुख खान, आरफीन अंसारी, जमीर, यदुनाथ यादव, रमेश, अरविंद जायसवाल, रामप्रसाद यादव, सुरेंद्र पासवान, संजय कुमार गुप्ता समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें