Search
Close this search box.

संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से सनसनी, करंट से मौत या हत्या? पुलिस जांच में जुटी

मिर्जापुर । जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लहंगपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम गंगहरा खुर्द में बुधवार सुबह 21 वर्षीय युवक किशन कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव गांव के पास स्थित पावर हाउस और माइनर नहर के किनारे पड़ा मिला। शव पर चोट और जलने के निशान मिलने से मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मृतक किशन कुमार अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और लहंगपुर बाजार की एक कपड़े की दुकान पर कार्य करता था। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार रात घर आने के बाद बाहर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह उसके चाचा ने शव देखकर परिवार को सूचना दी, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया बिजली के करंट से मौत होने की संभावना मान रही है। सूचना पर थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह, चौकी प्रभारी सुजीत कुमार सेठ, फॉरेंसिक टीम तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें