Search
Close this search box.

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे अलर्ट, अभ्यर्थियों के लिए चलाई गईं विशेष ट्रेनें

वाराणसी । 10 जून 2026 उत्तर प्रदेश पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने अभ्यर्थियों की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित आवागमन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा विभिन्न मार्गों पर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिली।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 10 जून को कुल आठ परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित किया गया था, जिनमें से चार ट्रेनों का संचालन दिन में सफलतापूर्वक किया जा चुका है, जबकि शेष चार ट्रेनें देर शाम अपने निर्धारित समय पर चलाई जाएंगी। गोरखपुर-वाराणसी सिटी, आजमगढ़-बलिया, बलिया-आजमगढ़ तथा आजमगढ़-गोरखपुर मार्गों पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया है।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बलिया स्टेशन पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां निःशुल्क पेयजल, पंखे, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, मोबाइल यूटीएस तथा शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए वाराणसी कंट्रोल कार्यालय में विशेष वॉर रूम स्थापित किया गया है, जहां 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रमुख स्टेशनों पर विशेष गश्त, टिकट काउंटरों पर कतार प्रबंधन, प्लेटफॉर्मों की निगरानी तथा अनधिकृत यात्रियों की रोकथाम के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

भीषण गर्मी को देखते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों द्वारा यात्रियों और अभ्यर्थियों को निःशुल्क शीतल पेयजल वितरित किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा लगातार उद्घोषणाओं, सूचना बोर्डों और सहायता बूथों के माध्यम से यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

साथ ही यात्रियों को जहरखुरानी, चोरी एवं अन्य अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 या निकटतम आरपीएफ/जीआरपी कर्मी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें