वाराणसी । 10 जून 2026 मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन के नेतृत्व में वाराणसी मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम रेल संपत्ति, यात्रियों की सुरक्षा तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में दुरौंधा रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल विवेक राय ने अपनी सतर्कता और बहादुरी का परिचय देते हुए एक महिला यात्री की जान बचाई। महिला चलती हुई 75204 पंचदेवरी-सोनपुर पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कोच से लटक गई। मौके पर मौजूद कांस्टेबल विवेक राय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर खींच लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसके अलावा अपराध रोकथाम अभियान के तहत सीवान रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं सारनाथ स्टेशन के आरक्षण केंद्र से अवैध टिकट कारोबार में संलिप्त एक व्यक्ति को तत्काल टिकट और मांग पत्रों के साथ पकड़ा गया। मशरख में ट्रेन संख्या 19045 के पेंट्रीकार से 108 बोतल अमानक पानी भी जब्त किया गया। रेलवे सुरक्षा बल की इन कार्रवाइयों की सराहना की जा रही है।







