गाजीपुर। जनपद थाना भुड़कुड़ा में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भुड़कुड़ा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक रणजीत सिंह एवं उनकी टीम ने मंगलवार देर रात मुसाफिर यादव के भट्ठे के पास स्थित तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी में दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर) तथा एक-एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अन्जेश कुमार (20 वर्ष) पुत्र सुरेश राम निवासी सदरजहाँपुर (ताजपुर), थाना भुड़कुड़ा तथा अरमान अंसारी (22 वर्ष) पुत्र असरफ अंसारी निवासी माखनपुर सदरजहाँपुर, थाना भुड़कुड़ा के रूप में हुई है। दोनों को 11 जून 2026 की तड़के लगभग 12:45 बजे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर अरमान अंसारी के विरुद्ध धारा 3/25 आर्म्स एक्ट तथा अन्जेश कुमार के विरुद्ध धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, उपनिरीक्षक शिवराज सिंह यादव, कांस्टेबल संदीप, आशुतोष और रोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उमेश यादव गाजीपुर।








