Search
Close this search box.

किशोरियों ने थाने में पूछे बेबाक सवाल, पुलिस से संवाद ने तोड़ी झिझक की दीवार

चन्दौली । / मिर्जामुराद के आदर्श ग्राम नागेपुर में आशा ट्रस्ट एवं लोक समिति द्वारा आयोजित किशोरी समर कैंप के अंतर्गत गुरुवार को लगभग 150 किशोरियों ने थाना मिर्जामुराद का शैक्षिक एवं जागरूकता भ्रमण किया। इस दौरान किशोरियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और अधिकारियों से खुलकर संवाद किया। थाना परिसर में आयोजित “किशोरी चौपाल” में थानाध्यक्ष गोपालजी कुशवाहा ने बालिकाओं को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा कानून तथा पॉक्सो अधिनियम की जानकारी दी।

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू किशोरियों की बेबाक भागीदारी रही। किशोरी सुनीता ने पुलिस के व्यवहार और अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर सवाल उठाया, जिस पर थानाध्यक्ष ने गंभीरता से जवाब दिया। अन्य किशोरियों ने भी ग्रामीण सुरक्षा, महिला समस्याओं और पुलिस व्यवस्था से जुड़े कई व्यावहारिक प्रश्न पूछे। किशोरियों ने गांवों में जुआ और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी रखी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।

लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य किशोरियों के मन में पुलिस के प्रति भय और संकोच को दूर करना तथा उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था की वास्तविक जानकारी देना है।

पुलिस अधिकारियों ने भी ऐसे कार्यक्रमों को समाज और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं अतिथियों का सम्मान किया गया।

संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।

Leave a Comment

और पढ़ें