चन्दौली। /मुगलसराय मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के विधायक Ramesh Jaiswal ने जनहित और विकास कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण स्थानीय जनता के हाथों कराया। वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा न्यू महल से काली महाल चौराहा तक 50.22 लाख रुपये तथा गल्ला मंडी चौराहे से कसाव महाल होते हुए राम मंदिर जीटी रोड तक 29.34 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़कों का उद्घाटन क्षेत्रवासियों ने किया।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने विधायक की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने स्वयं फीता काटने के बजाय जनता को सम्मान देते हुए उनके हाथों विकास कार्यों का लोकार्पण कराया है। लोगों ने इसे क्षेत्रवासियों के सम्मान और लोकतांत्रिक भागीदारी का प्रतीक बताया।

जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास की गति किसी भी हाल में रुकने नहीं दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर पर अधिक से अधिक विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने के लिए वे पूरी ताकत से प्रयासरत रहेंगे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह, सभासद सुरेंद्र चौहान, भरत चौहान, राजेश चौहान, रमेश चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









