बलिया । जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के उद्देश्य से बुधवार को जिला अस्पताल परिसर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय और कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष चौधरी ने अभियान का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों से बचाव की शपथ दिलाई तथा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय ने बताया कि अभियान के दौरान डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार सहित अन्य संचारी रोगों के लक्षण वाले मरीजों की पहचान और समय पर उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वेक्टर बॉर्न डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया, जेई, एईएस, आईएलआई, फाइलेरिया, कालाजार और कुष्ठ रोग से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी।

अभियान के तहत बुखार, टीबी के लक्षणयुक्त मरीजों, फाइलेरिया, कालाजार, कुष्ठ रोग के संभावित रोगियों तथा कुपोषित बच्चों का विवरण ई-कवच पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। मच्छरों के प्रजनन स्थलों का भी सर्वे होगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायती राज, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, कृषि, सिंचाई सहित विभिन्न विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।










