वाराणसी । शहरवासियों को गंदगी, सीवर ओवरफ्लो, जलभराव और बंद स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं के समाधान के लिए अब नगर निगम के दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। नगर निगम 21 जुलाई से ‘त्वरित-समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट’ शुरू करने जा रहा है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सोमवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।

पहले चरण में गंगा तटवर्ती क्षेत्रों के 25 वार्डों को शामिल किया गया है। नागरिक वाट्सऐप चैटबॉट नंबर 8601872601 पर ‘Hi’ लिखकर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत के साथ समस्या का प्रकार, वार्ड नंबर, लाइव जीपीएस लोकेशन और फोटो अपलोड करनी होगी।

इसके बाद शिकायत संबंधित अधिकारी के मोबाइल एप पर स्वतः भेजी जाएगी और नागरिक को टिकट आईडी मिलेगी। अधिकारी मौके पर जाकर समस्या का समाधान कर जीपीएस और समय के साथ फोटो अपलोड करेगा। सत्यापन के बाद शिकायत स्वतः क्लोज होगी और नागरिक को समाधान का संदेश मिलेगा।

चार घंटे की समयसीमा में सफाई, कूड़ा उठान, सीवर ओवरफ्लो, लीकेज, जलभराव, नाला बैरिकेडिंग, स्ट्रीट लाइट, उद्यान कचरा और मृत पशु निस्तारण समेत 14 प्रकार की समस्याएं शामिल हैं। शिकायतों की निगरानी के लिए कमांड सेंटर में आईटी विशेषज्ञ, डाटा एनालिस्ट और सात ऑपरेटर तैनात किए गए हैं। सहायता के लिए नगर निगम डेस्क नंबर 0542-2720005 जारी किया गया है।







