वाराणसी । में चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को फूलपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ग्राम कठिराव खरका के पास एक जर्जर ईंट-भट्टे में छिपे 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाश आशीष राजभर और मनीष राजभर को घेर लिया। खुद को घिरा देख दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि 26 अप्रैल 2026 को घमहापुर क्षेत्र में मामूली सड़क दुर्घटना के बाद भीड़ ने चालक मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी ने डीसीपी गोमती जोन नीतू काद्दयान से न्याय की मांग की थी। डीसीपी नीतू काद्दयान और एडीसीपी नृपेंद्र कुमार के निर्देशन में चली इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।









