Search
Close this search box.

भीमपुरा पुलिस की बड़ी सफलता: गुम हुआ मोबाइल बरामद, मालिक को सौंपा गया फोन

बलिया । पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत थाना भीमपुरा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से दर्ज मोबाइल गुमशुदगी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक गुम हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहता पचदेवरा निवासी आवेदक का सैमसंग M14 5G मोबाइल फोन, जिसकी अनुमानित कीमत 14,999 रुपये है, भीमपुरा बाजार जाते समय रास्ते में कहीं गिर गया था। मोबाइल गुम होने के बाद पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ थाना भीमपुरा में लिखित प्रार्थना पत्र देकर सीईआईआर पोर्टल पर भी सूचना दर्ज कराई थी।

अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व में थाना भीमपुरा पुलिस ने तकनीकी सहायता से मोबाइल का पता लगाकर उसे बरामद कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मोबाइल स्वामी को उसका फोन सुपुर्द कर दिया।

अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर मोबाइल स्वामी ने भीमपुरा पुलिस की सराहना करते हुए पूरी टीम को धन्यवाद दिया। इस सफलता में थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक रवि वर्मा एवं कांस्टेबल राहुल यादव की विशेष भूमिका रही।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें