गाजीपुर। मुहम्मदाबाद स्थानीय नगर पालिका क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 11 बजे आई तेज आंधी, तूफान और वर्षा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। मौसम के अचानक बदले मिजाज के कारण कई स्थानों पर विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।बिजली कटौती के चलते लोगों को भीषण उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं विद्युत आपूर्ति ठप होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित रही, जिससे नागरिकों की परेशानियां और बढ़ गईं।
नगर क्षेत्र के कई इलाकों में लोगों को आवश्यक जलापूर्ति के लिए इंतजार करना पड़ा।नगर पालिका द्वारा पेयजल की सुविधा के लिए लगाए गए हैंडपंप भी लोगों की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हैंडपंपों से बालू मिश्रित पानी निकल रहा है, जो पीने योग्य नहीं है।
ऐसे में बिजली और स्वच्छ पेयजल, दोनों की समस्या से नागरिक दोहरी परेशानी झेलने को मजबूर हैं।समाचार लिखे जाने तक विद्युत विभाग की ओर से बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने अथवा मरम्मत कार्य की प्रगति को लेकर कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई थी। क्षेत्रवासी जल्द से जल्द बिजली एवं पेयजल व्यवस्था सामान्य किए जाने की मांग कर रहे हैं।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








