सोनभद्र । बभनी थाना क्षेत्र के लिलासी गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया तथा एक स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया।
पेट्रोल पंप संचालक राज गौरव यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि देर रात करीब 11 बजे गौरव फिलिंग स्टेशन पर बिजली न होने के कारण पेट्रोल आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित थी। इसी दौरान अखिलेश गुप्ता पेट्रोल भरवाने पहुंचे। बिजली आने के बाद उनकी बाइक में सौ रुपये का पेट्रोल डाला गया, लेकिन इसके बाद उनका नोजलमैन से विवाद हो गया। कर्मचारियों ने समझाकर उन्हें वहां से भेज दिया।
आरोप है कि कुछ देर बाद अखिलेश गुप्ता अपने कई साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान सर्वजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही एक मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा ने बताया कि अखिलेश कुमार गुप्ता, मुकुंद लाल, नीरज मौर्य और अरविंद मौर्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






