बलिया। जनपद के थाना गड़वार पुलिस को अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपाशंकर के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान और थानाध्यक्ष हितेश कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई।
दिनांक 14 अप्रैल 2026 को उपनिरीक्षक नीरज यादव अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा वांछित अभियुक्तों की तलाश में लगे हुए थे। इसी दौरान झिंगुरी चट्टी के पास मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि संबंधित मुकदमे के तीन वांछित अभियुक्त एक ही मोटरसाइकिल पर रतसड़ की ओर से आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झिंगुरी चट्टी के पास रात करीब 2 बजे तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में पियूष कुमार (20 वर्ष) पुत्र पारसनाथ प्रसाद, अमर कुमार (19 वर्ष) पुत्र अवधेश प्रसाद, दोनों निवासी रतसड़ कलाँ, तथा आशीष चौरसिया (19 वर्ष) पुत्र विनोद चौरसिया निवासी पकड़ीतर थाना गड़वार शामिल हैं।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से एक नाजायज चाकू और एक डंडा बरामद किया गया। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना गड़वार में मु0अ0सं0 93/2026 के तहत विभिन्न धाराओं के साथ 4/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीरज यादव, हेड कांस्टेबल रविन्द्र यादव, कांस्टेबल नागेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल इमरान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









