Search
Close this search box.

महुली नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में पकरी और शिवाजी तालाब दुद्धी का शानदार प्रदर्शन

दुद्धी सोनभद्र। महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित श्री राजा बरियार शाह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में पकरी और शिवाजी तालाब दुद्धी की टीमों ने शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। दोनों मैचों में बल्लेबाजों ने विस्फोटक प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

पहले मुकाबले में पकरी ने घिवही को 58 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पकरी ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 166 रन बनाए। निशु ने मात्र 23 गेंदों पर 61 रन की तूफानी पारी खेली। जवाब में घिवही की टीम 108 रन ही बना सकी। शानदार बल्लेबाजी के लिए निशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मैच में शिवाजी तालाब दुद्धी ने जमुई (झारखंड) को 102 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 10 ओवर में 3 विकेट पर 187 रन बनाए। टिन्नी ने 31 गेंदों पर 93 रन और विशाल ने 14 गेंदों पर 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमुई की टीम 85 रन पर सिमट गई।

प्रतियोगिता में अंपायरिंग नंदकिशोर कन्नौजिया, गोलू, संस्कार सिंह और आशु गोस्वामी ने की। आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबलों से क्षेत्र में खेल उत्साह चरम पर है।

Leave a Comment

और पढ़ें