प्रयागराज। मेहनत, अनुशासन और परिवार से मिले मजबूत संस्कारों के बल पर प्रयागराज की बेटी शिफा फातिमा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक के.पी. ट्रेनिंग कॉलेज की छात्रा शिफा फातिमा ने सत्र 2023-25 की बीएड मुख्य परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज और शहर का नाम रोशन किया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कॉलेज प्रशासन ने उन्हें गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
शिफा की इस सफलता से परिवार और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
शिफा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई टैगोर पब्लिक स्कूल से पूरी की। बचपन से ही उनका झुकाव शिक्षा के क्षेत्र की ओर रहा और उन्होंने शिक्षक बनने का सपना देखा। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बीएड की पढ़ाई पूरी निष्ठा और लगन के साथ की।
खास बात यह रही कि शिफा ने अपनी पढ़ाई के दौरान किसी बाहरी कोचिंग का सहारा नहीं लिया। उनकी सफलता में उनकी मां का विशेष योगदान रहा, जो एक इंटर कॉलेज में अध्यापिका हैं। मां ने उन्हें न केवल शिक्षा दी बल्कि अनुशासन, धैर्य और संघर्ष का महत्व भी समझाया।
वहीं उनके पिता पेशे से डेंटिस्ट हैं, जिन्होंने हमेशा बेटी की शिक्षा और सपनों को प्राथमिकता दी। परिवार के सहयोग और विश्वास ने शिफा को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
गोल्ड मेडल प्राप्त करने के बाद शिफा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।
शिफा ने बताया कि अब उनका अगला लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा की तैयारी करना है। वह देश सेवा के उद्देश्य के साथ आगे बढ़ना चाहती हैं। शिफा फातिमा की यह उपलब्धि आज हजारों युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणा बन गई है।






