वाराणसी । के रोहनिया थाना क्षेत्र स्थित सौरभ विहार कॉलोनी, अवलेशपुर में 8 जून को हुई गोली मारकर हत्या की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने अवलेशपुर-चुनार मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया। सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया थाना पुलिस सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और मौके पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को बुलाने की मांग करने लगे।
कुछ समय बाद एसडीएम शांतनु कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।







