Search
Close this search box.

अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर वाराणसी मंडल का विशेष अभियान, 2050 पंपलेट वितरित

वाराणसी । 09 जून 2026 पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस-2026 के अवसर पर रेल फाटकों और रेलवे क्रॉसिंगों पर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को सतर्क रहने का संदेश दिया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एम. रमेश कुमार के नेतृत्व में बनारस और ज्ञानपुर रोड स्टेशनों सहित कई संवेदनशील समपारों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह एवं सेफ्टी काउंसलरों की टीम ने बनारस-ज्ञानपुर रोड रेलखंड के समपार संख्या 7C, 8C, 10C, 24C, 30SPL और 37C पर लोगों को रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय ईयरफोन और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग न करें तथा ट्रेन के आवागमन को सुनिश्चित करने के बाद ही आगे बढ़ें।

इस अवसर पर “जीवन समय से ज्यादा मूल्यवान है”, “बंद समपार के नीचे से न जाएं” तथा “गेटमैन पर अनावश्यक दबाव न बनाएं” जैसे सुरक्षा संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

राजातालाब, कछवा रोड और ज्ञानपुर बाजार क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, गांवों और बाजारों में लोगों को रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

सेफ्टी काउंसलरों की टीम ने “रुकिए, देखिए, तब जाइए” के संदेश के साथ अभियान चलाकर 2050 पंपलेट, 1000 संरक्षा बैग और 500 संरक्षा डायरी वितरित कीं। अभियान का उद्देश्य रेलवे क्रॉसिंगों पर दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें