वाराणसी । धर्म और संस्कृति की नगरी काशी इस वर्ष अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में एक ऐतिहासिक और रोमांचक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। भारतीय वायुसेना पहली बार वाराणसी के नमो घाट पर गंगा तट के ऊपर भव्य एयर शो का आयोजन करेगी। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण वायुसेना की प्रसिद्ध एरोबेटिक टीम ‘सूर्य किरण’ होगी, जो अपने नौ हॉक विमानों के साथ आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएगी और तिरंगे के रंगों से आकाश को सजाएगी।
एयर शो की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सूर्य किरण टीम के विमान अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां उनकी पार्किंग और संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। मुख्य प्रदर्शन से पहले पायलटों द्वारा रिहर्सल और अभ्यास सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस एयर शो में राफेल, तेजस, सुखोई-30 समेत 50 से अधिक लड़ाकू विमान और हेलिकॉप्टर भी शामिल हो सकते हैं। प्रयागराज के बाद उत्तर प्रदेश में यह अपनी तरह का दूसरा सबसे बड़ा एयर शो माना जा रहा है। प्रशासन और वायुसेना की टीमों ने नमो घाट तथा गंगा पार रेती क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा और दर्शक व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं।








