Search
Close this search box.

डुमरा कोरगी गांव में लो वोल्टेज से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने 63 केवीए ट्रांसफार्मर की मांग उठाई

सोनभद्र । महुली विढमगंज थाना क्षेत्र के डुमरा कोरगी गांव में लंबे समय से बनी विद्युत समस्या ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। लो वोल्टेज और मौजूदा ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार के कारण किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को भी रोजमर्रा के कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में स्थापित वर्तमान ट्रांसफार्मर बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ रहे बिजली उपभोक्ताओं का भार वहन करने में सक्षम नहीं है। इसके चलते अधिकांश समय लो वोल्टेज की स्थिति बनी रहती है, जिससे किसानों के विद्युत चालित पंपसेट और मोटरें सही ढंग से संचालित नहीं हो पा रही हैं। कई किसानों की मोटरें खराब होने से उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।

किसानों ने बताया कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली की आवश्यकता है, लेकिन कम वोल्टेज के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। वहीं ग्रामीणों को पंखा, कूलर, फ्रिज और अन्य विद्युत उपकरण चलाने में भी परेशानी हो रही है।

ज्ञापन में गांव में 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने, अतिरिक्त विद्युत पोल स्थापित करने और विद्युत लाइन विस्तार कराने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में छोटेलाल मौर्य सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें