दुद्धी सोनभद्र। में मंगलवार सुबह एनएच-39 पर प्राथमिक विद्यालय बिड़र के सामने एक हाइवा और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे उस समय हुआ जब रजखड़ की ओर जा रहा खाली हाइवा और दुद्धी की ओर आ रहा खाली ट्रक आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक की मदद से हाइवा के क्षतिग्रस्त केबिन को खींचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल चालक की पहचान अमरेश (26) पुत्र ललित किशोर, निवासी टेढ़ा दुद्धी के रूप में हुई है। हादसे में उसका एक पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया।
घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां डॉ. वरुणा निधि ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात बहाल कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी








