वाराणसी । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने व्यापक इंतजाम किए हैं। 07 से 09 जून तक आयोजित लिखित परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए कुल 9 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया है।

मंडल प्रशासन के अनुसार 09 जून को गोरखपुर-वाराणसी सिटी, आजमगढ़-बलिया, बलिया-आजमगढ़ तथा आजमगढ़-गोरखपुर परीक्षा स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा चुकी हैं, जबकि वाराणसी सिटी-गोरखपुर, बनारस-बलिया, गोरखपुर-आजमगढ़, बलिया-आजमगढ़ एवं आजमगढ़-बलिया स्पेशल ट्रेनें देर शाम निर्धारित समय पर चलाई जानी हैं।

अभ्यर्थियों की सहायता के लिए वाराणसी सिटी, गोरखपुर, देवरिया सदर, भटनी, बलिया, गाजीपुर सिटी, मऊ, बनारस और आजमगढ़ स्टेशनों पर 24 घंटे हेल्पडेस्क संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर स्पेशल ट्रेनों की जानकारी, समय सारिणी तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही जन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार सूचित किया जा रहा है।

स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, कोच गाइडेंस, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की पर्याप्त तैनाती की गई है। अनारक्षित कोचों में क्यू प्रबंधन के माध्यम से अभ्यर्थियों को व्यवस्थित रूप से यात्रा कराई जा रही है।
रेल प्रशासन ने बताया कि सभी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें सामान्य श्रेणी एवं मेमू रेक से संचालित हो रही हैं तथा मार्ग में पड़ने वाले सभी प्रमुख एवं छोटे स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए समयबद्ध सेवा प्रदान कर रही हैं।








