वाराणसी । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार से दो दिवसीय काशी दौरे पर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम लगभग पांच बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेंगे। आगमन के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस जाएंगे, जहां से वे काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके उपरांत वे बरेका गेस्ट हाउस पहुंचकर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वाराणसी में रात्रि प्रवास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उनके आवागमन के दौरान रूट पर जीरो ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी, जिससे आम नागरिकों को अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।




