गाजीपुर । जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से गाजीपुर पुलिस ने 19 से 21 जून 2026 तक विशेष सघन अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 2,130 लोगों को पकड़ा गया। इनमें से 1,460 व्यक्तियों के विरुद्ध 34 पुलिस एक्ट एवं 292 बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई की गई, जबकि 670 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में नगर, भुड़कुड़ा, सैदपुर, कासिमाबाद, मुहम्मदाबाद और जमानिया सर्किल के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने शराब के ठेकों, वाइन शॉप्स के आसपास, पार्कों, प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान नगर सर्किल में 298 लोगों को पकड़ा गया, जिनमें 89 के खिलाफ कार्रवाई हुई। भुड़कुड़ा सर्किल में 385 लोगों को पकड़ा गया और 182 पर कार्रवाई की गई। सैदपुर सर्किल में 175 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई हुई। कासिमाबाद सर्किल में 100 लोगों को पकड़ा गया तथा 203 मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई। मुहम्मदाबाद सर्किल में 344 लोगों को पकड़ा गया, जिनमें 130 के खिलाफ चालान किया गया। वहीं जमानिया सर्किल में सर्वाधिक 756 लोगों को पकड़ा गया, जिनमें 536 के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कानूनन अपराध है और ऐसे तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
उमेश यादव गाजीपुर।






