Search
Close this search box.

गाजीपुर: प्रेम-प्रसंग के चलते युवती ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

गाजीपुर: जिले के जमानिया रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक दर्दनाक घटना हुई, जहाँ प्रेम प्रसंग के विवाद के चलते करीब 22 वर्षीय युवती ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद रेलवे स्टेशन व आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर एक युवक के साथ तीखी बहस कर रही थी। वह काफी गुस्से में दिखाई दे रही थी और युवक से नाराज थी। इसी दौरान पटना–अहमदाबाद एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची और अचानक युवती ट्रेन के सामने कूद पड़ी।

घटना के बाद युवक बिना किसी को कुछ बताए वहां से फरार हो गया। ट्रेन तेजी से आगे बढ़ गई, जिसके कारण युवती का शव ट्रेन के इंजन में फंस गया और कई किलोमीटर दूर चंदौली के पिपरदहां रेलवे क्रॉसिंग के पास जाकर गेटमैन की नजर शव पर पड़ी।

गेटमैन ने तुरंत जमानिया रेलवे स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को बहोरा चंडील के पास रोका गया। मौके पर पहुंची जीआरपी टीम ने शव को बाहर निकालकर मर्चरी में भेज दिया।

परिजनों द्वारा शिनाख्त के बाद घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और प्राथमिक जांच में भी इसी एंगल से पुलिस पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार युवक की तलाश की जा रही है।

ब्यूरोचीफ- संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें