Search
Close this search box.

प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, सपा कार्यालय का घेराव

बलिया । जनपद में प्रधानमंत्री के खिलाफ समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुनीता श्रीवास्तव के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने सपा कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “समाजवादी पार्टी मुर्दाबाद” जैसे नारों वाली तख्तियां हाथों में लेकर आक्रोश व्यक्त किया।

महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव बीरबल राम से मुलाकात कर आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया। इसके बाद सभी महिला नेत्रियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक मर्यादा बनाए रखी जाए तथा किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग न किया जाए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

इस अवसर पर भाजपा नेत्री संध्या पांडेय, जिला उपाध्यक्ष कृष्णा पांडेय, विजय लक्ष्मी, रूपा सिंह, कंचन सिंह, नगर अध्यक्ष सोनी तिवारी, संगीता पाठक, सभासद सुमन सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें