फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक की ग्लैंडर से काटकर हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को बोरे में भरकर दूसरे जिले के जंगल में ले जाकर जला दिया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच में मृतक विजय और किरन देवी के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। मामले में प्रेमिका किरन देवी और उसके पति कामता की संलिप्तता पाए जाने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सूरत से लौटने के बाद भी विजय लगातार महिला से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था, जिससे नाराज होकर पति-पत्नी ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। विजय के पिता और भाई का आरोप है कि उन्होंने शुरुआत में पांच लोगों के नाम पुलिस को बताए थे, जिनमें किरन देवी, कामता, किरन के दो मामा और उसका भाई शामिल हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक केवल दो आरोपियों को ही गिरफ्तार किया है।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपा है। फिलहाल पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से जांच कर रही है।








