बलिया । जनपद के डॉक्टर रामविचार रामरती सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में आयोजित छह दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। “लोकतंत्र का उत्सव” थीम पर आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 400 छात्राओं ने भाग लेकर अनुशासन, आत्मनिर्भरता और भारतीय संस्कृति से जुड़ी विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के दौरान छात्राओं ने टेंट लगाना, भोजन बनाना, घर को सुसज्जित करना तथा प्राचीन भारतीय संस्कृति को कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत करना सीखा।
समापन अवसर पर छात्राओं द्वारा तैयार की गई उत्कृष्ट कलाकृतियों का भव्य प्रदर्शन किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रतिमा दीदी ने की। प्रथम सहायक श्रीमती उषा दीदी, व्यवस्था प्रमुख श्रीमती प्रियंवदा दीदी तथा शैक्षिक प्रमुख श्रीमती खुशबू दीदी की विशेष भूमिका रही। प्रशिक्षण अधिकारी निर्भय सिंह के निर्देशन में शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर रसायन विज्ञान की आचार्य एवं अतिथि प्रमुख श्रीमती अंजलि दीदी तथा सामाजिक विज्ञान की आचार्य सुश्री प्रतीक्षा दीदी की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। विद्यालय परिवार ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।






