बलिया । शहर के वीर लोरिक स्टेडियम के पास स्थापित महाराणा प्रताप की विशाल प्रतिमा को लेकर रविवार को विवाद की स्थिति बन गई। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचे, लेकिन प्रतिमा अब भी तिरपाल से ढकी होने के कारण लोगों में आक्रोश दिखाई दिया।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि प्रतिमा का निर्माण लगभग दो वर्ष पहले ही पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक उसका विधिवत अनावरण नहीं कराया गया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए लोगों को प्रतिमा के निकट जाकर पुष्प अर्पित करने से रोक दिया।
इससे उपस्थित लोगों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। क्षत्रिय महासभा के सदस्यों ने कहा कि महाराणा प्रताप राष्ट्र गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक हैं, ऐसे में उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देने से रोकना दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों ने जल्द से जल्द प्रतिमा का अनावरण कराने की मांग करते हुए प्रशासन से सकारात्मक पहल करने की अपील की।





