Search
Close this search box.

बाबा बालखंडी नाथ धाम में शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ, शिवमय हुआ पूरा परिसर

बलिया । जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालखंडी नाथ धाम में मंगलवार से सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में हुआ। कथा के प्रथम दिन ही हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण शिवमय हो गया।

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने व्यासपीठ से कथा का शुभारंभ करते हुए महर्षि भृगु की तपोभूमि बलिया तथा इसकी वीर और गौरवशाली परंपरा को नमन किया। उन्होंने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सदाचार और मानव कल्याण का संदेश दिया।

कथा के उद्घाटन अवसर पर दयाशंकर सिंह, नीरज शेखर तथा संजय मिश्रा ने व्यासपीठ का पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल पंडाल, पेयजल, बैठने तथा सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की है। पहले ही दिन अपेक्षा से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी शुरू कर दी गईं। कार्यक्रम में पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह ‘मस्त’, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं, जिससे समाज में सुख, शांति और समृद्धि का संदेश पहुंचे। वहीं मध्य प्रदेश से आए एक नन्हे बालक द्वारा भगवान शिव का सजीव स्वरूप प्रस्तुत करना श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना और सभी ने उसकी सराहना की।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें