रोहनिया । थाना क्षेत्र के अवलेशपुर गांव में हुए चर्चित हत्याकांड के दूसरे दिन मंगलवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल मृतक व्यवसायी जितेंद्र पटेल के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। विधायक ने मृतक की पत्नी एवं परिवार के अन्य सदस्यों से घटना की जानकारी लेते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

विधायक ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और गंभीर घटना है, जिसकी निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर जांच में तेजी लाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इस दौरान विधायक ने एडीसीपी लिपी नगायच एवं रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह सहित अन्य अधिकारियों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। उनके साथ राष्ट्रीय सचिव मेघनाथ पटेल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रेखा पटेल, प्रदेश महासचिव उमेश पटेल, प्रदेश सचिव अजीत पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





