शिमला। भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद हिमाचल की बेटी और टीम इंडिया की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को घोषणा की है कि राज्य सरकार रेणुका सिंह को ₹1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देगी।
भारत की जीत में अहम योगदान
महिला क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत में रेणुका सिंह ने अपनी शानदार गेंदबाजी से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने निर्णायक मौकों पर टीम को बढ़त दिलाई, जिससे भारत ने वर्ल्ड कप अपने नाम किया।
सीएम सुक्खू का बयान
मुख्यमंत्री ने कहा “रोहड़ू की बेटी रेणुका ठाकुर ने वो सपना पूरा किया है जो हर पहाड़ की बेटी देखती है। संघर्षों के बाद वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा बनना पूरे देश और हिमाचल के लिए गर्व की बात है।”
सीएम सुक्खू ने रेणुका, उनकी मां और पूरे परिवार को बधाई दी, साथ ही कहा कि “रेणुका के स्वर्गीय पिता को नमन, जिनकी प्रेरणा आज पूरे हिमाचल का अभिमान बनी है।”
मुख्यमंत्री ने की फोन पर बात
मुख्यमंत्री सुक्खू ने खुद रेणुका सिंह से फोन पर बातचीत कर उन्हें सम्मानित किया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। साथ ही, भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व कप जीतने पर भी बधाई दी।
रेणुका का प्रदर्शन रहा लाजवाब
रेणुका सिंह ने टूर्नामेंट के दौरान अपनी घातक स्विंग गेंदबाजी से कई बड़े बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनके प्रदर्शन ने हिमाचल ही नहीं, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया।









