बलिया । जनपद के उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करीमपुर स्थित घाघरा नदी में मंगलवार को एक लावारिस शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना उभांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस बलिया भेज दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्त ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।




