मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के मगनिया गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। NEET की तैयारी कर रही छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, आकांक्षा को NEET परीक्षा में करीब 650 अंक आने की उम्मीद थी। हालांकि, परीक्षा में कथित पेपर लीक और उसके रद्द होने की खबरों से वह काफी परेशान और मानसिक तनाव में चल रही थी। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के कारण वह गहरे अवसाद में चली गई थी।
पुलिस को मौके से एक भावुक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में छात्रा ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि उसमें दोबारा NEET परीक्षा देने की हिम्मत नहीं बची है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।








