Search
Close this search box.

25 हजार का इनामी बदमाश रामबुझ यादव गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद; गोवध व गैंगस्टर समेत कई संगीन मुकदमों में था वांछित

बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत बैरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बैरिया में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त रामबुझ यादव उर्फ विपिन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी जीन बाबा स्थान शोभा छपरा मार्ग से मुखबिर की सूचना पर की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त जौनपुर जनपद के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के कोहड़ा गांव का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की।

रामबुझ यादव पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास तथा आयुध अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में विभिन्न जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास आजमगढ़, जौनपुर, अमेठी, गोरखपुर और उन्नाव तक फैला हुआ है।

गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में बैरिया पुलिस टीम ने की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें