Search
Close this search box.

प्रदेश सरकार के 12 वर्ष और राज्य सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर कल होगा भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री करेंगे उद्घाटन

बलिया । प्रदेश सरकार के 12 वर्ष तथा राज्य सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि सूचना विभाग की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। इनका उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ द्वारा किया जाएगा। इसके बाद गंगा बहुद्देशीय सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि 1300 नव-नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण होगी। प्रभारी मंत्री स्वयं इन सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके अतिरिक्त खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्योग, कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पूर्ति तथा पंचायती राज विभाग सहित कई विभागों द्वारा लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 33 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, डीडीओ आनंद प्रकाश सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें